हमीरपुर में शुरू हुआ आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, लोगों से सहयोग की अपील

28 जुलाई: उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के निर्देशानुसार जिला हमीरपुर में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे) संचालित किया जा रहा है। यह सर्वेक्षण आगामी दिसंबर तक चलेगा, जिसके तहत जिला सांख्यिकीय कार्यालय के प्रगणक चयनित ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी वार्डों में घर-घर जाकर टैब आधारित एप्लिकेशन के माध्यम से जानकारी एकत्रित करेंगे।

उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से सर्वेक्षण में पूर्ण सहयोग देने और सही, सटीक व वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान जुटाई गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जिले के लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही, यह जानकारी सरकार को जनकल्याण एवं विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से तैयार करने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *