बाईपास क्षेत्र में विकसित होगा सुंदर पार्क, वार्ड-12 में 12 लाख से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण

28 जुलाई: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने सोमवार को नगर निगम हमीरपुर के वार्ड नंबर-12 में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बाईपास के निकट प्राचीन बावड़ी एवं टियाले के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण तथा नाले की चैनलाइजेशन का उद्घाटन करते हुए क्षेत्र के लोगों को जल्द ही एक आधुनिक पार्क की सौगात देने की घोषणा की।

जनसभा को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बाईपास क्षेत्र के आसपास एक सुंदर और सुविधायुक्त पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। पार्क बनने से स्थानीय लोगों को सुबह-शाम सैर, योग और अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हमीरपुर तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। नगर निगम बनने के बाद शहर में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। नए बस अड्डे का निर्माण तेजी से जारी है, जबकि जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज परिसर को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नए मेडिकल कॉलेज परिसर में अस्पताल के साथ महिलाओं एवं बच्चों के लिए अलग अस्पताल ब्लॉक, क्रिटिकल केयर यूनिट, कैंसर केयर संस्थान, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा यहां रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे हमीरपुर प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में शामिल होगा।

कार्यक्रम के दौरान सुनील शर्मा बिट्टू ने लोगों को विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे वितरित किए और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।

इससे पूर्व पूर्ववर्ती नगर परिषद के मनोनीत पार्षद निशांत शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए वार्ड-12 में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती सहित कई जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *