28 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेले में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय जी.एस. बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश, विशेषकर नगरोटा बगवां के विकास में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि विधायक आर.एस. बाली पूरी निष्ठा के साथ विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें 8.56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मॉडल पुलिस स्टेशन एवं पुलिस आवास, 9.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ओल्ड एज होम तथा 8.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आधुनिक ऑडिटोरियम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए चिकित्सा महाविद्यालयों में 330 नई पीजी सीटें बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके तहत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में 100 नई पीजी सीटें जोड़ी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि धर्मशाला में पर्यटन निगम, रेरा और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यालय स्थानांतरित किए गए हैं। साथ ही कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार को भी सरकार की प्राथमिकता में रखा गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बड़ोह में मिनी सचिवालय बनाने, बड़ोह पुलिस चौकी को पुलिस थाना में स्तरोन्नत करने तथा सेराथाना के स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के रूप में अपग्रेड करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।