ईएसआईसी ने मृत आउटसोर्स कर्मचारी के परिवार को शुरू की आश्रित पेंशन, सामाजिक सुरक्षा का मिला सहारा

25 जुलाई: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के शाखा कार्यालय हमीरपुर ने सामाजिक सुरक्षा के तहत एक मृत बीमित आउटसोर्स कर्मचारी के परिवार को आश्रितजन हितलाभ (पेंशन) की सुविधा प्रदान की है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारी के निधन के बाद उसके आश्रितों को आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है।

शाखा कार्यालय ने स्वर्गीय राकेश कुमार के परिवार के लिए आश्रितजन हितलाभ के तहत मासिक पेंशन की शुरुआत की है। राकेश कुमार मेसर्स आर.के. एंड कंपनी के माध्यम से एनआईटी हमीरपुर में कार्यरत थे। 17 फरवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद 21 फरवरी 2026 को उनका निधन हो गया था।

ईएसआई शाखा कार्यालय ने बताया कि इससे पहले भी एनआईटी हमीरपुर के एक अन्य आउटसोर्स कर्मचारी स्वर्गीय अजय के परिवार को आश्रितजन हितलाभ योजना के अंतर्गत प्रतिमाह पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 लागू होने के बाद “वेतन (मजदूरी)” की परिभाषा में बदलाव किया गया है। इसके चलते अधिक कर्मचारी ईएसआई योजना के दायरे में आ रहे हैं और सामाजिक सुरक्षा लाभों के पात्र बन रहे हैं।

उन्होंने सभी नियोजकों से पात्र कर्मचारियों का समय पर ईएसआई पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के अनुसार किसी भी कर्मचारी को कार्य पर रखने से पहले उसका ईएसआई पंजीकरण कराना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि ईएसआईसी आश्रित पेंशन के अलावा बीमारी, अस्थायी एवं स्थायी अपंगता तथा मातृत्व हितलाभ सहित कई सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी प्रदान करता है, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *