25 जुलाई: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने पांच विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनमें स्टेनो टाइपिस्ट (पोस्ट कोड-25025), साइंटिफिक असिस्टेंट (डिजिटल फॉरेंसिक) (पोस्ट कोड-25021), फिजिक्स टीचर (पोस्ट कोड-26019), बायोलॉजी टीचर (पोस्ट कोड-26017) और भूगोल शिक्षक (पोस्ट कोड-26027) शामिल हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि स्टेनो टाइपिस्ट के एक पद के लिए 21 अभ्यर्थियों को शॉर्टहैंड एवं टाइपिंग टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। साइंटिफिक असिस्टेंट के एक पद के लिए सफल 4 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 7 अगस्त को किया जाएगा।
फिजिक्स टीचर के 78 पदों के लिए 203 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं, जिनकी दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 5 अगस्त को होगी। वहीं, बायोलॉजी टीचर के 78 पदों के लिए 192 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 7 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। भूगोल शिक्षक के 99 पदों के लिए 202 अभ्यर्थी सफल हुए हैं और उनका दस्तावेज सत्यापन 11 अगस्त को होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी सफल अभ्यर्थियों को सूचना उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। अलग से कोई कॉल लेटर जारी नहीं किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के समय अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी दो-दो फोटो प्रतियां तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
आयोग ने यह भी कहा है कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।