17 देशों के खिलाड़ियों के बीच अनिल कुमार राम ने जीता कांस्य पदक, भारत और हिमाचल का बढ़ाया गौरव

28 सितंबर, बबलू सूर्यवंशी : भारत के कराटे प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी अनिल कुमार राम ने तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित 8वीं वर्ल्ड नानबुडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया। 25 और 26 सितंबर 2026 को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 17 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

चैंपियनशिप में रूस, उज्बेकिस्तान, सेनेगल, फ्रांस, इंग्लैंड, भारत, क्रोएशिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, कनाडा, कैमरून, स्विट्जरलैंड, जॉर्जिया, ऑस्ट्रिया, मोरक्को, नॉर्वे, इटली और स्पेन के खिलाड़ी शामिल हुए।

अनिल कुमार राम ने अपनी श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत की ओर से प्रतियोगिता में तीन प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अनिल कुमार राम अपने समूह से पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय प्रतिभागी रहे।

करीब छह से सात वर्षों के अंतराल के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में वापसी करना अनिल कुमार राम के लिए खास उपलब्धि रही। लंबे समय बाद दोबारा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरते हुए उन्होंने विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा की और अपने प्रदर्शन से पदक हासिल किया।

अनिल कुमार राम ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए केवल पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे अंतराल के बाद प्रतियोगिता में वापसी, निरंतर अभ्यास और खुद को दोबारा चुनौती देने की यात्रा का परिणाम है। उन्होंने अपने सहकर्मियों, मित्रों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, शुभकामनाओं और प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *