हज़ारों नम आंखों के बीच पंचतत्व में विलिन हुई कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राकेश बबली की देह

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

03 जुलाई।हिमाचल प्रदेश कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राकेश बबली की देह रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गई।उनकी देह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव के श्मशानघाट में किया गया। उनके बेटे और भतीजे ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में हजारों लोग एकत्रित हुए। इससे पहले रविवार सुबह जैसे ही शिमला से उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा,माहौल गमगीन हो गया। उनके माता-पिता एक बेटे की मौत के सदमे से उभर नहीं पाए थे कि एक बेटा दुनिया से चला गया। उनकी पत्नी रमना शर्मा का रो-रो कर बुरा हाल है। दो छोटे बच्चे बेटा आदि शर्मा और बेटी नंदिता शर्मा कुछ समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या हो गया। बड़े भाई संजीव शर्मा भी चंद दिनों में अपने दो भाई खोने से गमगीन दिखे।


पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। पार्थिव देह श्मशान घाट पहुंची तो हजारों की संख्या में लोग वहां पर मौजूद थे। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, वन मंत्री राकेश पठानिया, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कवर, विधायक कमलेश कुमारी, कौशल विकास निगम के अध्यक्ष नवीन शर्मा, स्थानीय विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण कृषि ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन कमल नयन,जिलाधीश हमीरपुर देवश्वेता बनिक सहित हज़ारों लोगों ने उनकी अंतिम यात्रा में भाग लेकर श्रद्धाजंलि अर्पित की।

बबली के निधन पर नड्डा ने जताया दुःख

भाजपा किसान मोर्चा और राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राकेश शर्मा बबली के देहांत पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। उन्होंने कहा कि राकेश शर्मा बबली के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। उनका पूरा जीवन समाज और संगठन की सेवा के लिए समर्पित था। उनका पार्थिव शरीर सुबह छह बजे शिमला पहुंचा। जहां से भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश सचिव तिलक राज, कार्यालय सचिव पीएस कंवर और मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा उनके पैतृक बड़साद गांव बुदान पहुंचे। बबली का अंतिम संस्कार दोपहर डेढ़ बजे किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश बबली के असामयिक निधन की खबर दुखद है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि यह पार्टी के लिए कभी पूरी न होने वाली क्षति है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि राकेश शर्मा को हमेशा एक ईमानदार और मेहनती नेता के रूप में याद किया जाएगा। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि राकेश का पार्टी को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए सदा याद किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी बबली के निधन पर दुख जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *