हिमाचल: हिमस्खलन की चपेट में आए बीआरओ के जवान, दो की मौत; एक लापता

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

मनाली। हिमाचल के कुल्लू जिला में बड़ा हिमस्खलन हुआ है। इस हिमस्खलन की चपेट में बीआरओ के तीन जवान आ गए। जिसमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि एक की तलाश की जा रही है। यह हिमस्खलन दारचा-शिंकुला मार्ग पर रविवार दोपहर बाद हुआ है। इस हिमस्खलन में बीआरओ को भारी नुकसान हुआ है। बता दें कि गत दिनों हुए भारी हिमपात से शिंकुला दर्रे में 4 फीट तक बर्फ की मोटी परत बिछ गई थी। जिसे बहाल करने के लिए बीआरओ के जवान जुटे हुए थे।

बताया जा रहा है कि 12 जनवरी को हुए भारी हिमपात के बाद लेह लद्दाख का मनाली से संपर्क पूरी तरह से कट गया था। ऐसे में बीआरओ ने कुछ दिन पहले ही मौसम साफ होने के बाद दारचा-शिंकुला मार्ग की बहाली का काम शुरू किया था। रविवार को भी बीआरओ की टीम दारचा से कुछ किलोमीटर आगे सड़क से बर्फ हटाने में जुटी हुई थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी हिमस्खलन हुआ और बीआरओ के तीन जवान उसकी चपेट में आ गए। बीआरओ चीफ इंजीनियर जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि दारचा-शिंकुला मार्ग पर हिमस्खलन हुआ है, जिसकी चपेट में बीआरओ के तीन जवान आ गए। उन्होंने कहा कि 2 जवानों के शव बरामद कर लिए हैं जबकि एक की तलाश अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *