हिमाचल: राष्ट्रपति कोविंद ने निहारी अटल टनल, बोले- ये इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

 कुल्लू , 11 जून। राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविन्‍द ने शनिवार को दुनिया में सबसे ज्‍यादा ऊंचाई पर बनी अटल टनल रोहतांग को निहारा। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) योजक परियोजना के चीफ इंजीनियर जितेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में बीआरओ ने राष्ट्रपति का स्‍वागत किया।

चीफ इंजीनियर जितेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रपति को अटल टनल की खूबियों से अवगत करवाया। राष्‍ट्रपति ने अटल टनल के निर्माण को इंजीनियर‍िंग का बेजोड़ नमूना बताया। राष्‍ट्रपति ने कहा कि यह परियोजना देश का गौरव है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने तीन अक्टूबर 2020 को अटल टनल रोहतांग देश को समर्पित की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री राज नाथ सिंह के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गटकरी ने 24 जून 2021 को और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 26 सितंबर 2021 को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ अटल टनल का दौरा किया था। शनिवार को देश के राष्ट्रपति ने अटल टनल काे निहारा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को परिवार के साथ अटल टनल रोहतांग की सैर की। राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सिस्सू हेलीपैड पर सुबह 10 बजे उतरा, जहां पर जिला प्रशासन ने उनका परंपरागत अंदाज में स्वागत किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पत्नी सविता कोविंद और बेटी स्वाति सिस्सू की वादियों को निहारने के बाद सड़क मार्ग से होते हुए अटल टनल पहुंचे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ हैं।

अटल टनल देखने के बाद राष्ट्रपति सासे हेलीपेड पर पहुंचे। यहां दोपहर का भोजन करने के बाद भुंतर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे। भुंतर से वह दिल्ली लौटेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। हिमाचल पुलिस ने 500 से अधिक जवानों को सुरक्षा के लिए तैनात किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *