हिमाचल: प्रदेश भर में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर भाजपा सरकार को घेरा, जमकर की नारेबाजी

Spread the love

हमीरपुर में विधायक सहित डेढ़ दर्जन कांग्रेसी गिरफ्तार

आवाज़ ए हिमाचल 

शिमला। देश में बढ़ रही महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। राजधानी शिमला में प्रदेश कांग्रेस ने राजभवन के बाहर हल्ला बोला और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, राष्टीय प्रवक्ता अलका लांबा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मौजूद रही। इस दौरान महंगाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर घेरा और जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस की राष्टीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि देश में आज महंगाई से लोग परेशान हैं। आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है और खाद्य वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं,  जिसने आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है।

ऊना में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र हरोली में ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू की अध्यक्षता में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया गया और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए महंगाई और बेरोजगारी के लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपमंडल मुख्यालय हरोली में जोरदार रोष रैली भी निकाली।

हमीरपुर जिला में  कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय हमीरपुर के बाहर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल की अध्यक्षता में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने विधायक इंद्रदत्त लखनपाल समेत डेढ़ दर्जन पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है।

धर्मशाला में कांग्रेस ने  रैली के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव में बीजेपी अच्छे दिन की बात करती थी। महंगाई कम करने और डीजल पेट्रोल की कीमतों में कमी करने का वादा किया था। सभी वादे बीजेपी भूल चुकी है। जनता की परेशानी हर दिन बढ़ रही है। इस दौरान कांग्रेस ने कांगड़ा डीसी के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *