हिमाचल के 19,847 मेधावियों को आज मिलेंगे लैपटॉप 

Spread the love

मंडी के पड्डल मैदान में होगा लैपटॉप वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम

आवाज़ ए हिमाचल 

शिमला, 8 जून। हिमाचल प्रदेश के स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले 19,847 मेधावियों को आज लैपटॉप मिलेंगे। मंडी के पड्डल मैदान में लैपटॉप वितरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 2,900 मेधावियों को लैपटॉप देंगे। शेष मेधावियों को विधानसभा स्तर पर लैपटॉप दिए जाएंगे।

प्रदेश के 55 स्थानों पर बुधवार को लैपटॉप का आवंटन होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 13 स्कूलों में मेधावियों से इस दौरान संवाद भी करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल, सहित सभी मंत्री, विधायक और चेयरमैन अपने-अपने हल्कों में लैपटॉप वितरण करेंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर बुधवार को मंडी के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। शिक्षा मंत्री नौ जून को कुल्लू में वितरण करेंगे।

मेधावियों को लैपटॉप देने के लिए करीब 83 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 10वीं कक्षा के 4,500, बाहरवीं कक्षा के 4,500 और स्नातक स्तर के 1,000 मेधावियों को लैपटॉप दिए जाएंगे। श्रीनिवास रामानुजन स्टूडेंट डिजिटल योजना में शैक्षणिक सत्र 2018-19 और 2019-20 के मेधावियों को लैपटॉप दिए जाएंगे।

विधानसभा चुनाव से पहले जयराम सरकार अपने कार्यकाल में पहली बार मेधावियों को लैपटॉप देने जा रही है। मेधावियों को पहली बार आधुनिक तकनीक वाले 41,550 रुपये की कीमत वाले लैपटॉप दिए जाएंगे। सरकार ने डेल कंपनी के आई थ्री प्रोसेसर और 14 इंच स्क्रीन वाले विंडो 10 लैपटॉप देने का फैसला लिया है। इसमें चार जीबी की रैम होगी, जिसे स्लॉट के माध्यम से 16 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। इसकी हार्ड डिस्क ड्राइव एक टेरा बाइट (टीबी) की होगी। विद्यार्थी योजना के तहत इनमें माइक्रोसॉफ्ट की विंडो 10 इंस्टाल की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *