हिमाचल के 13 टोल बैरियरों की पूरी हुई नीलामी, सरकार कमाएगी 132.52 करोड़ रूपये

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सभी 13 बैरियरों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिससे प्रदेश सरकार को 132.52 करोड़ की आय होगी। जो पिछले वर्ष की अपेक्षा 21 फीसदी अधिक है। यह जानकारी राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग के आयुक्त युनूस खान ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि कल देर शाम तक शेष 7 टोल बैरियर की भी नीलामी कर दी। इनकी ऑक्शन 2022 के 45.83 करोड़ के मुकाबले 52.54 करोड़ में हुई, जो पिछले साल की तुलना में करीब 15 प्रतिशत ज्यादा है। विभाग ने 6 बैरियरों की नीलामी गुरुवार को कर दी थी।

युनूस खान ने बताया कि पिछले साल सभी 13 टोल बैरियर 109.25 करोड़ में नीलाम किए गए थे। इस साल इनका रिजर्व प्राइस 120.18 करोड़ रुपए था और यह रिजर्व प्राइस से ज्यादा 132.52 करोड़ में नीलाम हुए। इस बार टोल बैरियर नीलाम करने से सरकार को 21 प्रतिशत ज्यादा राजस्व प्राप्त होगा। गौरतलब है कि नीलाम हुए टोल बैरियर में कांगड़ा जिले में नूरपूर का तनुहट्टी और कंडवाल टोल बैरियर 12.76 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ। 2022 में इनकी नीलामी 9.79 करोड़ में हुई थी। दोनों बैरियर का रिजर्व प्राइस 10.76 करोड़ रखा गया था, यानी तनुहट्टी और कंडवाल बैरियर 30 प्रतिशत ज्यादा कीमत पर नीलाम हुए।

बिलासपुर जिले के स्वारघाट में गड़ामोड़ा बैरियर की नीलामी 10 प्रतिशत ज्यादा बोली पर हुई। 2022 में यह 14.74 करोड़ में नीलाम किया गया था। इस बार इसका रिजर्व प्राइस 16.20 करोड़ रुपए था। यह एक करोड़ ज्यादा कीमत के साथ 16.21 करोड़ में नीलाम हुआ। सिरमौर जिले के 4 टोल बैरियर कालाअंब, गोबिंदगढ़, बेहराल व मिनस टोल बैरियर 11 प्रतिशत अधिक बोली पर नीलाम हुए। उन्होंने बताया कि बीते साल इन बैरियरों को 21.30 करोड़ में नीलाम किया गया था। इस बार इनका रिजर्व प्राइस 23.45 करोड़ रखा गया, जबकि यह बेस प्राइस से ज्यादा 23.57 करोड़ में नीलाम हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *