2 अक्तूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हमीरपुर शहर के गांधी चौक में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस नेताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुनील शर्मा बिट्टू, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग, नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर सहित अन्य लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के लिए दोनों महान नेताओं के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश की आजादी के आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने भी कठिन दौर में देश को सशक्त नेतृत्व प्रदान किया। दोनों महान विभूतियां प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद नगर निगम की ओर से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।