बीएसएफ की हेड कांस्टेबल अंजना कुमारी का निधन, गगरेट के जोह गांव में राजकीय सम्मान से अंतिम विदाई

14 अक्तूबर: देश की सीमाओं की सुरक्षा और मातृभूमि की सेवा में जुटी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की हेड कांस्टेबल अंजना कुमारी (56) का बीमारी के चलते निधन हो गया। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के जोह गांव की रहने वाली अंजना कुमारी जम्मू में बीएसएफ की 141वीं बटालियन में तैनात थीं। उन्होंने सोमवार को अंतिम सांस ली। मंगलवार को उनके पैतृक गांव जोह में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

अंजना कुमारी के अंतिम संस्कार के दौरान खड़का कैंप से पहुंची बीएसएफ की टुकड़ी ने सशस्त्र सलामी देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे दो बेटे शुभम और अभिषेक छोड़ गई हैं।

अंजना कुमारी के पति हेड कांस्टेबल राकेश कुमार भी बीएसएफ में सेवाएं दे रहे थे। वह बीएसएफ की 90वीं बटालियन में तैनात थे और वर्ष 2006 में मुर्शिदाबाद में बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था।

अंजना कुमारी के अंतिम संस्कार में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व जिला पार्षद सुशील कालिया, पूर्व प्रधान मेहर चंद, पंचायत पदाधिकारियों और प्रशासन के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *