21 मई: सोलन ज़िला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव और मतगणना को लेकर प्रशासन ने 26, 28 और 30 मई 2026 को संबंधित क्षेत्रों में ‘ड्राई डे’ घोषित किया है। ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार मतदान और मतगणना के दौरान संबंधित क्षेत्रों में शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पहले से लेकर मतगणना दिवस तक किसी होटल, ढाबे, दुकान, मदिरालय या सार्वजनिक एवं निजी स्थान पर मादक पदार्थों का विक्रय या वितरण नहीं किया जा सकेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड धर्मपुर की ग्राम पंचायत आंजी मातला, बनसार, धर्मपुर, कोट बेजा, कोटी नाम्ब, नाहरी, नारायणी, निचली गांगुड़ी और टकसाल में 26 मई को मतदान होगा। वहीं चामियां, चम्मों, गनोल, हुडंग, जंगेशु, कसौली गड़खल, प्राथा, सनवारा और अम्बोटा पंचायतों में 28 मई को वोट डाले जाएंगे।
इसके अलावा गड़खल सनावर, गुलहारी, जाबली, कोट, कोटला, मेहलों, रौरी और कामली पंचायतों में 30 मई को मतदान होगा। ग्राम पंचायतों के वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायत मुख्यालयों में की जाएगी और परिणाम भी वहीं घोषित होंगे।
पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से संबंधित खंड मुख्यालयों में शुरू होगी। पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद सदस्यों के परिणाम पंचायती राज निर्वाचन नियमों के तहत जारी किए जाएंगे।