बिलासपुर में घर के भीतर मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी

21 मई : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल में एक युवक का शव उसके पुश्तैनी मकान से बरामद होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामला ग्राम पंचायत सेऊ का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह स्थानीय लोगों को मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव पुराना होने के कारण कमरे में बदबू फैल चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। डीएसपी विशाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि युवक परिवार से अलग अपने पुश्तैनी मकान में अकेला रह रहा था। गांव में उसका संपर्क भी पिछले कुछ समय से काफी कम हो गया था। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि युवक के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज थे और वह नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *