21 मई : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 10 वर्षीय बच्ची का शव यमुना नदी से बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि जिस दिन घर में बेटे का जन्मदिन मनाने की तैयारी चल रही थी, उसी दिन मासूम बेटी की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार बच्ची अपने माता-पिता और भाई के साथ कृपालशिला गुरुद्वारा रोड के पास किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार को उसके भाई का जन्मदिन था और माता-पिता बाजार से सामान लेने गए हुए थे, जबकि बच्ची घर पर अकेली थी। जब परिजन वापस लौटे तो कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला और बच्ची गायब थी। इसके बाद परिवार ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान देर शाम खबर मिली कि यमुना नदी में एक बच्ची का शव मिला है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शव को पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।