सेब बागवानों की समस्याओं को लेकर भाजपा किसान मोर्चा का प्रदर्शन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

24 जुलाई: प्रदेश के सेब बागवानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा जुब्बल-कोटखाई ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा के नेतृत्व में तहसीलदार कोटखाई के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा बागवानी, पशुपालन, परिवहन एवं कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बागवानों से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र समाधान की मांग की गई। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा ने कहा कि प्रदेश के सेब उत्पादक उत्पादन में लगातार गिरावट, बागों में नई बीमारियों के प्रकोप और उपज का उचित मूल्य न मिलने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) और हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (हिमफेड) द्वारा बागवानों के लंबित भुगतान तुरंत जारी किए जाएं। इसके साथ ही बाजार हस्तक्षेप योजना (एमआईएस) के तहत सी-ग्रेड सेब का समर्थन मूल्य बढ़ाने, बागवानों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने, तकनीकी मार्गदर्शन देने और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

भाजपा नेता चेतन बरागटा ने कहा कि प्रदेश का सेब बागवान प्राकृतिक आपदाओं, बढ़ती उत्पादन लागत, फसल रोगों और घटती उत्पादकता जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने सरकार से बागवानों की समस्याओं का जल्द समाधान कर उन्हें राहत देने की मांग की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *