सुजानपुर में पानी की खातड़ी में डूबने से चार वर्षीय मासूम की मौत

7 सितंबर: सुजानपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत रंगड़ के टपरा गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में करीब चार वर्षीय मासूम की पानी की खातड़ी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार टपरा निवासी सुरेश कुमार और रीना देवी का करीब चार वर्षीय बेटा शिवांश घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के आंगन में बनी पानी की खातड़ी के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। बताया जा रहा है कि खातड़ी करीब पांच फुट गहरी थी।

बच्चे के पानी में गिरने का पता चलते ही परिजनों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया। आनन-फानन में शिवांश को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

शिवांश नर्सरी कक्षा में पढ़ता था। मासूम की अचानक हुई मौत से माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे टपरा गांव में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलने पर थाना सुजानपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर आवश्यक छानबीन की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मासूम की मौत से पूरा गांव सदमे में है और ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *