13 जुलाई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को ऊर्जा विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को किन्नौर जिले में सतलुज नदी पर निर्माणाधीन 450 मेगावाट क्षमता वाली शोंगटोंग-कड़छम जलविद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना को मार्च-अप्रैल 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के पावर हाउस का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मानसून के दौरान भी बांध का निर्माण जारी रहेगा। इसके लिए सतलुज नदी के जल प्रवाह को गेट संख्या 4 और 5 की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि डायवर्जन बे 1, 2 और 3 पर समानांतर रूप से निर्माण कार्य चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और पर्यावरण-अनुकूल विकास को भी नई गति देगी। उन्होंने बताया कि तकनीकी और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद बेहतर योजना और नियमित निगरानी के चलते परियोजना का 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है तथा निर्माण कार्य की गति बनाए रखने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय लगातार अपनाए जा रहे हैं।