13 मई: हिमाचल प्रदेश की राजधानी Shimla के कच्चीघाटी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दोपहिया वाहन शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। इस अग्निकांड में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब सवा नौ बजे शोरूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के तीन से चार वाहन मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक शोरूम के भीतर खड़ी बड़ी संख्या में नई मोटरसाइकिलें और स्कूटियां जलकर राख हो चुकी थीं। वहीं शोरूम के बाहर खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।