17 अक्तूबर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने धारकंडी क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सल्ली में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्मार्ट क्लासरूम का लोकार्पण किया। स्मार्ट क्लासरूम में स्मार्ट टच पैनल सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
सल्ली पहुंचने पर स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने विधायक का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धारकंडी क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। भनाला से रूलेड, लगबतूनी-मोर्च और भलेड़ से दरिणी सड़कों सहित अन्य मार्गों पर लगभग 64 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए सरकार और संबंधित विभाग लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए एक माह के भीतर 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। रिड़कमार से सल्ली सड़क पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन बरसात के दौरान भूस्खलन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत जल्द करवाई जाएगी और सल्ली तक बस सेवा भी शीघ्र बहाल की जाएगी।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धारकंडी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को अपग्रेड करने की अनुमति प्रदेश मंत्रिमंडल से मिल चुकी है। इससे आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और क्षेत्र में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बोह घाटी के प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेज प्रदान करने के निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में शाहपुर के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अरविंद धीमान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से ब्लॉक में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
स्थानीय पंचायत प्रधान नर्सो देवी ने सल्ली पहुंचने पर विधायक का आभार व्यक्त किया और पंचायत की प्रमुख मांगें उनके समक्ष रखीं। इनमें सामुदायिक भवन का निर्माण, मुख्य सड़क की मरम्मत और संपर्क मार्गों को दुरुस्त करवाने की मांग शामिल रही। कनोल पंचायत के उपप्रधान निर्मल सिंह ने भी अपनी पंचायत से संबंधित विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता जल शक्ति दीपक गर्ग, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विकास सूद, मुख्य अभियंता विद्युत गौतम, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ. नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता गज प्रोजेक्ट अनिल शर्मा, बीडीओ रैत योगेंद्र, प्रधानाचार्य सल्ली राकेश कटोच, आरओ सुमित शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भटियात विजय कंवर, पीटीएफ प्रधान दलजीत पठानिया, एसएमसी प्रधान सपना, सीएचटी पंकज मनकोटिया, अक्षय अत्री, नायब तहसीलदार राजिंदर पठानिया, हुक्मी देवी, निर्मल सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य रीतिका शर्मा, पूर्व उपप्रधान नंद लाल सहित धारकंडी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।