शपथ से पहले धर्मशाला में सियासी घमासान, भाजपा पार्षदों पर FIR दर्ज

19 जून: धर्मशाला नगर निगम में नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का पुतला फूंकने के मामले में पुलिस ने भाजपा समर्थित पार्षदों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद शहर की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा समर्थित पार्षद और कार्यकर्ता शपथ ग्रहण में हो रही देरी तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर नगर निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि नगर निगम चुनाव 17 मई को हुए थे और 31 मई को परिणाम घोषित कर दिए गए थे, लेकिन अब तक पार्षदों का शपथ ग्रहण नहीं हो पाया है। इसी देरी को लेकर भाजपा समर्थित पार्षदों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शपथ न होने के कारण वार्डों के विकास कार्य और लोगों की समस्याओं का समाधान प्रभावित हो रहा है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान स्मृद्धि भवन के बाहर माहौल काफी गर्म रहा। इस बीच कोतवाली बाजार फव्वारा चौक के पुनर्विकास कार्य को लेकर भी सियासत तेज हो गई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक निधि से बने कार्य पर मुख्यमंत्री के नाम की पट्टिका लगाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया गया।

एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं कांगड़ा के एसपी अशोक रत्न ने भी पुष्टि की है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *