शनिवार सुबह किराए के कमरे में मिला ITI छात्र का शव, परिवार में पसरा मातम

6 जून: मंडी जिले के बगस्याड़ क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। शनिवार सुबह औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बगस्याड़ में अध्ययनरत 24 वर्षीय छात्र का शव उसके किराए के कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय ओम प्रकाश पुत्र कौल राम निवासी गांव लोट, तहसील चच्योट के रूप में हुई है। वह आईटीआई बगस्याड़ में मोटर मैकेनिक ट्रेड के अंतिम वर्ष का छात्र था और पढ़ाई के दौरान किराए के कमरे में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह परिजन लगातार ओम प्रकाश से संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन काफी देर तक फोन का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद चिंतित परिजनों ने मकान मालिक से कमरे की जानकारी लेने को कहा। जब मकान मालिक ने कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो ओम प्रकाश मृत अवस्था में मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जंजैहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कमरे की तलाशी भी ली, लेकिन मौके से कोई ऐसा सुराग या नोट बरामद नहीं हुआ जिससे घटना के कारणों का पता चल सके।

बताया जा रहा है कि ओम प्रकाश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी एक बहन है। बेटे की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है।

डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *