रैंश बस स्टॉप बना हादसों का खतरा, तीन वाहन भिड़े, बड़ा हादसा टला

24 जुलाई: किरतपुर-मनाली फोरलेन पर हणोगी के समीप रैंश गांव में गुरुवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। रैंश बस स्टॉप पर सवारियां उतार रही एक निजी बस को पीछे से आ रही दो तेज रफ्तार गाड़ियों ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहन आपस में भिड़ गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर सुरक्षा व्यवस्था और एनएचएआई की योजना पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के दौरान रैंश गांव का पुराना बस स्टॉप समाप्त हो गया, जिसके बाद बसों को टनल के मुहाने पर ही सवारियां उतारने और चढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह स्टॉप ऐसी जगह स्थित है जहां एक टनल समाप्त होते ही दूसरी टनल शुरू हो जाती है। टनल से बाहर निकलने वाले वाहन तेज रफ्तार में होते हैं, जिससे बस के रुकते ही पीछे से आने वाले वाहनों के लिए अचानक ब्रेक लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी कई बार हादसे होने की आशंका जताई जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने एनएचएआई और प्रशासन से मांग की है कि रैंश गांव के लिए सुरक्षित बस स्टॉप का निर्माण किया जाए और टनल क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *