राजस्थान-गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, 1.06 लाख करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

3 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जोधपुर में नए हवाईअड्डा टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संशोधित ‘उड़ान’ योजना की शुरुआत करेंगे। 480 करोड़ रुपये की लागत से बने इस नए टर्मिनल की सालाना क्षमता 20 लाख यात्रियों की होगी। 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले इस टर्मिनल में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संशोधित ‘उड़ान’ योजना के तहत केंद्र सरकार ने अगले 10 वर्षों में क्षेत्रीय विमानन सेवाओं के विस्तार के लिए 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा पहुंचेंगे, जहां वह करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह 79,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। साथ ही जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला रखी जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, एनएच-125ए जोधपुर रिंग रोड के फोर-लेन खंड का उद्घाटन करेंगे और एसजेवीएन लिमिटेड की 1,000 मेगावाट क्षमता वाली बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वह राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में हाल ही में नियुक्त लगभग 54 हजार कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।

गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री साणंद में ‘सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट’ केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने के साथ भारत की सेमीकंडक्टर विनिर्माण यात्रा को नई गति मिलेगी। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर यहां हर वर्ष लगभग पांच अरब सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन किया जा सकेगा, जिससे वैश्विक स्तर पर मेमोरी और स्टोरेज समाधानों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *