4 मई, रवी दत्त भारद्वाज: नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की जांच का कार्य सोमवार को पूरा कर लिया गया। सात वार्डों वाली इस नगर पंचायत में कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से जांच के दौरान 13 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए, जबकि 8 नामांकन पत्रों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों में आपत्तियां सामने आई हैं, उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए 5 मई को सुबह 11 बजे तक का समय दिया गया है। संबंधित उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों और तथ्यों के साथ अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवारों की सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा कि संबंधित नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे या निरस्त। इससे पहले किसी भी नामांकन को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं मानी जाएगी।
नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो गई हैं। उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजर अब 5 मई को होने वाली सुनवाई और उसके बाद जारी होने वाली अंतिम सूची पर टिकी हुई है।
गौरतलब है कि नगर पंचायत राजगढ़ के सात वार्डों के लिए इस बार कुल 21 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर जल्द साफ होने की संभावना है।