यूक्रेन में फंसे 20 हजार से अधिक भारतीयों को अपने खर्चे पर जल्द देश वापस लाएगी सरकार

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

नई दिल्ली, 25 फरवरी। यूक्रेन पर रूस की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई के 20 हजार से ज्यादा से अधिक भारतीय नागरिक वहां फंसे हैं।  इनमें मुख्य रूप से भारतीय छात्र हैं, जो वहां रहकर पढ़ाई कर रहे थे। युद्ध के चलते सुरक्षा के मद्देनजर यूक्रेन ने अपने हवाई क्षेत्र को नागरिक विमानों के लिए बंद कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति का कहना है कि रूस के हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं। भारतीय सरकार लगातार अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए वैकल्पिक रास्ते पर विचार कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, भारत सरकार वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए व्यवस्था करेगी। फ्लाइट का खर्च भी सरकार वहन करेगी। सूत्रों के मुताबिक, आज रात दो विमान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए रवाना होंगे।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सरकार यूक्रेन में भारतीय नागरिकों के लिए निकासी उड़ानों की व्यवस्था करेगी। इस मिशन में आने वाले तमाम खर्चे को सरकार वहन करेगी।

वहीं यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि युद्ध के बीच फंसे भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सरकार रोमानिया और हंगरी से निकासी मार्ग स्थापित करने के लिए काम कर रही है। साथ ही बताया जा रहा है कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए एयर इंडिया शुक्रवार को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के लिए 2 उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है।


जानकारी के मुताबिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा पर पहुंचने वाले भारतीय नागरिकों को भारत सरकार के अधिकारी बुखारेस्ट ले जाएंगे,ताकि एयर इंडिया की उड़ानों के जरिए उनको सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया की दो उड़ानें शनिवार को बुखारेस्ट से रवाना होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *