24 मई: हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव रेणु बजवारिया ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है और परिवारों का बजट बिगड़ता जा रहा है।
रेणु बजवारिया ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि घर का बजट संभालने की जिम्मेदारी महिलाओं पर होती है, ऐसे में बढ़ती कीमतों ने उनके लिए घर चलाना मुश्किल बना दिया है।
उन्होंने रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर चिंता जताते हुए कहा कि कई परिवारों के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना भी चुनौती बन गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
रेणु बजवारिया ने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को जनहितकारी नीतियां बनाकर आम लोगों को राहत देनी चाहिए।