24 मई: शाहपुर पूर्व सैनिक लीग की एक महत्वपूर्ण बैठक बीते दिनों कर्नल जय सिंह (वीएसएम) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने बताया कि लीग कार्यालय के सचिव सूबेदार मेजर रत्न चंद के अथक एवं सराहनीय प्रयासों से एक पूर्व सैनिक को उनका लंबित वित्तीय लाभ दिलाने में बड़ी सफलता हासिल हुई है।
उन्होंने जानकारी दी कि सिपाही प्रकाश चंद संधू निवासी सदूं को लाइफ टाइम एरियर की सुविधा स्वीकृत कर दी गई है। इसके तहत उन्हें मार्च 2025 से अब तक का करीब 85 हजार रुपये का बकाया एरियर प्राप्त हुआ है। साथ ही उनकी पेंशन में भी 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर संशोधित राशि उनके खाते में जमा कर दी गई है।
बैठक में बताया गया कि पूर्व सैनिक को यह वित्तीय लाभ दिलाने का पूरा श्रेय शाहपुर पूर्व सैनिक लीग को जाता है, जिसने इस मामले को गंभीरता से उठाकर संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी की।
इस अवसर पर लीग के कई पदाधिकारी एवं पूर्व सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सचिव रत्न चंद, प्रेस सचिव सुरेन्द्र पटयाल, मेजर कुलदीप बलौरिया, कैप्टन मदन लाल, कैप्टन अमर सिंह, कैप्टन लोकेश नाग, कैप्टन भगवान दास, लेफ्टिनेंट ओम प्रकाश, सूबेदार कमलजीत सिंह तथा सूबेदार रमेश सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।