महंगाई के विरोध में शाहपुर में कांग्रेस ने निकाली रोष रैली   

Spread the love

केवल सिंह पठानिया ने केंद्र व राज्य सरकार पर लगाए हर मोर्चे पर नाकाम रहने के आरोप

आवाज ए हिमाचल

 शाहपुरप्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शाहपुर में बढ़ती महंगाई के विरोध में रोष रैली निकाल कर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की।

 तहसील कार्यालय से रैली निकाल कर एसडीएम कार्यालय पंहुचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा की केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर हर मोर्चे पर नाकाम रहने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश भर में महंगाई निरंतर अपना तांडव कर रही है, लेकिन केन्द्र और प्रदेश सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। पैट्रोल-डीजल के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार लोगों को अपने जुमलों में उलझा कर रख रही है।

पठानिया ने कहा कि सरकारों के पास महंगाई को कम करने के लिए कोई मास्टर प्लान नहीं है, जिसका भुगतान आम जनता को करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित केंद्र सरकार ने कुछ राज्यों में चुनाव खत्म होने तक महंगाई में वृद्धि रोकी लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म हुए महंगाई ने फिर से अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में खाद, स्प्रे, खाद्य पदार्थ, सीमैंट, सरिया, ईंट और अन्य कंस्ट्रक्शन का सामान भी बहुत महंगा हो गया है।  जो लोग अब नया निर्माण करना चाहते हैं उन्हें भारी दिक्कतों से का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को चाहिए कि महंगाई को रोकने के लिए एक व्यवस्था बनाई जाए, जिससे लोगों को राहत मिले।

पठानिया ने कहा कि राष्ट्र हित की बात करने वालो की पोल तब खुली जब खालिस्तानियों ने धमकी देकर शिमला में झंडा फहराने की बात की तब भी भाजपा की प्रदेश सरकार उन खालिस्तानियों का कुछ नहीं  कर पाई जो हिमाचल प्रदेश में खालिस्तानियों का झंडा लेकर हिमाचल की सीमाओं में घुसे इनके विरोध में जब शिमला में कांग्रेस नेता व विधायक विक्रमादित्य के नेतृत्व में युवाओं ने रिज मैदान पर राष्ट्रहित के लिए तिरंगा यात्रा निकाली तो विक्रमादित्य सहित दर्जनों युवाओं पर प्रदेश सरकार ने मुकद्द्मे दायर कर दिए । यहीं से प्रदेश की भाजपा सरकार की नीयत में खोट नजर आता है। अपने ही प्रदेश के युवाओं पर विरोधी ताकतों का विरोध करने पर प्रदेश सरकार ने मुकदमे दायर कर दिए।

पठानिया ने कहा कि देश और प्रदेश में जो भी विरोधी ताकतें भारत को तोड़ने की कोशिश करेगीं उसे कांग्रेस पार्टी व प्रदेश की जनता कभी भी सहन नही करेंगी तथा मुँह तोड़ जबाब देगी।

इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस शाहपुर के सभी पदाधिकारियों, कांग्रेसी कार्यकर्ता, सभी फ्रंटल संगठनों युवा कांग्रेस, कांग्रेस सेवा दल, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, अनुसूचित जाति विभाग, ईंटक, अन्य पिछड़ा वर्ग, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों एव स्थानीय जनता मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *