मंडी विवि बनेगा प्रदेश का दूसरा राज्य विश्वविद्यालय

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

 09 नवंबर। जयराम सरकार ने उपचुनाव में मिली हार के बाद मंडी जिला को बड़ा तोहफा दे दिया है। क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी को हिमाचल प्रदेश का दूसरा राज्य विश्वविद्यालय बनाने का फैंसला लिया गया है। प्रदेश के पांच से छह जिलों के कॉलेजों की इस नए राज्य विश्वविद्यालय से संबद्धता होगी। मंत्रिमंडल ने मुख्य सचिव रामसुभग सिंह की अध्यक्षता में राज्य विश्वविद्यालय की रूपरेखा तैयार करने के लिए कमेटी का गठन करने को मंजूरी दी। सरकार के इस फैंसले से शिमला विश्वविद्यालय का बोझ कम होगा।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध सरकारी और निजी कॉलेजों की संख्या 400 से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी में अब क्लस्टर विश्वविद्यालय को अपग्रेड कर राज्य विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। मंत्रिमंडल ने राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की रूपरेखा तय करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी में प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और क्लस्टर विश्वविद्यालय मंडी के कुल-पतियों तथा शिक्षा सचिव को सदस्य के रूप में शामिल किया है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मंडी क्लस्टर विश्वविद्यालय में मंडी जिला सहित बिलासपुर, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल स्पीति के कॉलेजों को शामिल किया जा सकता है। हिमाचल विश्वविद्यालय के बोझ को कम करने और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा देने के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान में क्लस्टर विश्वविद्यालय खोलने को मंजूरी दी है। वर्ष 2014 में मंडी में क्लस्टर विवि खोलने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *