20 अप्रैल: मंडी जिला के पद्धर उपमंडल के सालगी क्षेत्र में एक कार के अंदर व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 54 वर्षीय लोहरी राम पुत्र स्वर्गीय टेहंकु राम, निवासी गांव कण्डगवाल टिक्कर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लोहरी राम 16 अप्रैल को मनाली से अपने घर पालमपुर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन वह घर नहीं पहुंच सका।
पुलिस चौकी कमांद को सूचना मिली थी कि सालगी मोड़ के पास एक कार संदिग्ध अवस्था में काफी समय से खड़ी है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय मैकेनिक की मदद से कार का दरवाजा खोला, जहां चालक सीट पर व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय फॉरेंसिक साइंस लैब (RFSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
फिलहाल परिजनों की ओर से किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।