मंडी में इंटरनेशनल चरस तस्कर गिरफ्तार, औट में रूस की महिला से अढ़ाई किलो नशा बरामद

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

मंडी। मंडी पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ा गया अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को जिला में नशा तस्करी के 2 मामले सामने आए हैं। पहले मामले में औट पुलिस थाना की टीम ने रूस की एक महिला को नशे की भारी भरकम खेप के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं दूसरे मामले में धनोटू थाना की टीम ने एक युवक को चरस के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि नशा तस्करी का पहला मामला औट में पेश आया है। यहां पुलिस ने औट में नाकाबंदी के दौरान एक रूसी महिला को 2 किलो 412 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। चरस के साथ पकड़ी गई महिला की पहचान ओल्गा ब्राशकोवा (49) निवासी मॉस्को के तौर पर हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चरस को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है महिला चरस की ये खेप कहां से लाई थी और इसे कहां ले जा रही थी। महिला को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना धनोटू की टीम ने एक युवक को 412 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान हरियाणा के जिंद निवासी के तौर पर हुई है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *