15 जुलाई: ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में 20 जुलाई से शुरू होने वाले सावन सोमवार मेलों के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीएम एवं मंदिर अधिकारी संकल्प गौतम ने बताया कि सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुविधा, सुरक्षा और सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
मेले के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रातःकालीन आरती से सायंकालीन आरती तक किसी भी श्रद्धालु को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालु पीतल की विशेष जलहरी के माध्यम से ही शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सकेंगे। मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा, जबकि प्रसाद वितरण के लिए प्रवेश द्वार के बाईं ओर विशेष काउंटर बनाया जाएगा।
बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं के लिए कतार मुक्त दर्शन की व्यवस्था की गई है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराए जाएंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और लंगर स्थलों पर वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर लगाए जाएंगे। साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई और सफाई मित्रों की विशेष तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
श्रावण मास में खीरगंगा घाट पर स्नान के महत्व को देखते हुए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्नानागार तैयार किए जा रहे हैं, जो 20 जुलाई से पहले बनकर तैयार हो जाएंगे। वहीं, बरसात के दौरान बिनवा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका के चलते श्रद्धालुओं के नदी में उतरने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
मेले में लगने वाली दुकानों के लिए 17 जुलाई को पार्किंग नंबर-2 में खुली बोली के माध्यम से स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। फूलों की सजावट, जर्मन हैंगर और लाइटिंग से जुड़े टेंडर खोले जा चुके हैं और सभी तैयारियां रविवार तक पूरी कर ली जाएंगी। श्री महाकाल मंदिर के अधिकारी एवं तहसीलदार रमन ठाकुर ने बताया कि स्नानागार, तालाब और ऐतिहासिक कुंडों का नवीनीकरण पूरा हो चुका है। लंगर लगाने वाली संस्थाओं को मंदिर प्रशासन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैजनाथ और पपरोला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने साथ कीमती सामान न लाएं। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम तत्काल कार्रवाई करेगी।