संगड़ाह में घर के आंगन से 5 वर्षीय बच्ची लापता, पुलिस ने शुरू किया सर्च अभियान

7 सितंबर: संगड़ाह उपमंडल की लाना चेता पंचायत के घेवना गांव से 5 वर्षीय बच्ची आर्या के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, घेवना निवासी विपिन कुमार की 5 वर्षीय बेटी आर्या रविवार शाम करीब 4 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक वहां से लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में भी खोजबीन की गई।

सोमवार सुबह पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन का दायरा बढ़ा दिया है।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची आर्या के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा संगड़ाह पुलिस थाना को सूचित करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *