24 जुलाई: जिला बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सहित पांच लोगों को 910 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ झंडूता थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन टीम बिलासपुर ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर धराड़सानी फोरलेन लिंक रोड क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 910 ग्राम चरस बरामद हुई। कार में एक महिला सहित पांच लोग सवार थे, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव कुमार (28) निवासी विकास नगर पटोली, जिला जम्मू, अक्षा (28) पत्नी सौरव कुमार निवासी विकास नगर पटोली, जिला जम्मू, हरीश ठाकुर (20) निवासी पाथला, तहसील जरी, जिला कुल्लू, सुमंत शर्मा (22) निवासी धरमौर, तहसील जरी, जिला कुल्लू तथा प्रियांशु ठाकुर (21) निवासी बगयाड़ा, तहसील जरी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस बरामद चरस के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों व संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।