बसोहली गोलीकांड में शहीद सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

2 अक्तूबर : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली हाईड्रो इलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट में 29 सितंबर की शाम सीआईएसएफ कैंप में हुई गोलीबारी की घटना में वीरगति को प्राप्त उपमंडल नालागढ़ की रामशहर तहसील के गांव लूना (ग्राम पंचायत चिल्लड़) निवासी करीब 38 वर्षीय सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह का वीरवार को गांव में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।

सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह पुत्र बलबीर सिंह की पार्थिव देह गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। माता-पिता, पत्नी और परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उनकी अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, पूर्व सैनिक और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रशासन की ओर से रामशहर तहसीलदार डॉ. अभिषेक सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार राजेंद्र ठाकुर और थाना प्रभारी बलबीर सिंह सहित पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष शिव लाल वर्मा, जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार, सेवानिवृत्त कैप्टन कमल कुमार, पूर्व प्रधान मदन लाल, पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों ने शहीद को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *