बद्दी में कूरियर ऑफिस पर रेड, नशे में इस्तेमाल होने वाले 3290 प्रेगाबालिन कैप्सूल जब्त

19 मई: बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में कूरियर सेवाओं के जरिए नशे के लिए दुरुपयोग हो रही दवाओं की सप्लाई का मामला सामने आया है। ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस की संयुक्त टीम ने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कूरियर कार्यालय में दबिश देकर प्रेगाबालिन 300 एमजी के 3290 कैप्सूल बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि यह खेप कूरियर पार्सलों के माध्यम से जिला कांगड़ा भेजी जा रही थी।

राज्य दवा नियंत्रक डॉक्टर मनीष कपूर के अनुसार ड्रग इंस्पेक्टर विकास ठाकुर और अक्षय ठाकुर के नेतृत्व में दवा निरीक्षकों और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कूरियर सेवाओं के माध्यम से ऐसी दवाएं भेजी जा रही हैं जिनका नशे के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा है।

जांच के दौरान बरामद प्रेगाबालिन कैप्सूल को लेकर खुलासा हुआ कि इन्हें कांगड़ा में एक अनधिकृत व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। संबंधित व्यक्ति को हाल ही में ड्रग कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि प्रेगाबालिन एक प्रिस्क्रिप्शन दवा है, लेकिन पिछले कुछ समय से इसका गलत इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है।

ड्रग कंट्रोल विभाग और पुलिस अब कूरियर सेवाओं के जरिए भेजे जा रहे फार्मास्यूटिकल पार्सलों की विशेष निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बद्दी में संयुक्त कार्रवाई के दौरान नशे के लिए दुरुपयोग होने वाली 2.23 लाख से अधिक दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी गई थी, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *