29 जून : पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष बुटेल ने पालमपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सर्वसम्मति से गठन पर महापौर राधा सूद, उपमहापौर नीलम मलिक और सभी पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी आपसी समन्वय और जनहित की भावना के साथ कार्य करते हुए पालमपुर के समग्र विकास को नई दिशा देगी। विधायक ने कहा कि नगर निगम की सक्रिय कार्यप्रणाली से शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी।
आशीष बुटेल ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय लोकतांत्रिक व्यवस्था की अहम कड़ी हैं, जिनके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पालमपुर नगर निगम राज्य सरकार की विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सकारात्मक भूमिका निभाएगा।
विधायक ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से पारदर्शिता, जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देते हुए पालमपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।