22 जुलाई: प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत वर्ष 2025-26 में चयनित जिला हमीरपुर के 14 नए गांवों के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों और पंचायत सचिवों के लिए मंगलवार को जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और इसकी प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराना था।
जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि यह योजना अनुसूचित जाति बहुल गांवों के समग्र विकास के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि योजना का लक्ष्य ऐसे गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, असमानताओं को कम करना और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
उन्होंने सभी पंचायतों को निर्देश दिए कि वे 10 दिनों के भीतर बेसलाइन सर्वे पूरा करें तथा एक माह के भीतर ग्राम विकास योजना (वीडीपी) का ड्राफ्ट तैयार करें। कार्यशाला में प्रतिभागियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा विकसित पीएम-अजय मोबाइल ऐप के उपयोग और सोशल ऑडिट से संबंधित दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत वर्ष 2019-20 में 17 गांव, वर्ष 2022-23 में 5 गांव और अब वर्ष 2025-26 में जिला हमीरपुर के 14 नए गांवों का चयन किया गया है।