पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने जल शक्ति मंत्री व वन मंत्री से की मुलाकात

Spread the love

 

आवाज़ ए हिमाचल 

राजगढ़, 5 मार्च। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जीआर मुसाफिर ने शुक्रवार को प्रदेश जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व वन मंत्री राकेश पठानिया से शिमला में मुलाक़ात की और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की उनके विभागों से सम्बन्धित समस्याओं से अवगत करवाया।

मुसाफिर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ और पच्छाद में सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता सहित बहुत से पद रिक्त चल रहे हैं।  स्टाफ न होने के कारण विभिन्न योजनाये ठंडे बस्ते में पड़ी है और उन्हें पूर्ण करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। जल शक्ति मंत्री को रिक्त पदों और योजनाओं की समीक्षा करने और रिक्त पदों को शीघ्र भरकर योजनाओं को गति देने की मांग की गई।

जीआर मुसाफिर ने बताया कि राजगढ़ में वन मंडल अधिकारी का पद कई माह से रिक्त चल रहा है और सरकार पच्छाद के विकास के लिए गम्भीर नजर नहीं आ रही। वन मंत्री से राजगढ़ में वन मंडल अधिकारी के पद को भरने की मांग भी की गई। भाजपा ने जिस डबल इंजन की सरकार के दावे कर जनता से वोट हासिल किये वह खोखले साबित हुए। विधायक की कहीं सुनवाई नहीं है और सांसद से विकास की आशा करना तो दूर जनता के लिए उनके दर्शन भी दुर्लभ हो गये है।

मुसाफिर ने कहा कि उन्होंने इन 4 वर्षों  में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उजागर कर सरकार व पच्छाद के नुमाईंदों  को जगाने का पूरा प्रयास किया है, लेकिन विधायक और सांसद जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में असफल रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *