पूर्णोत्साह और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

बबलू गोस्वामी, नादौन। भारत के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले हॉकी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को पूरे भारतवर्ष में राष्ट्रीय खेल दिवस (नेशनल स्पोर्ट्स डे) बड़ी ही धूमधाम और उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। पूरे भारतवर्ष में आज का दिन खेलों के लिए समर्पित है। इस खेल दिवस के उपलक्ष्य पर विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राएं विविध खेलों के माध्यम से इस दिवस को मनाते हैं। इसी उपलक्ष्य पर राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में भी शारीरिक अध्यापक विनोद कुमार के नेतृत्व में छात्राओं और अध्यापकों ने खेल दिवस मनाया। इस उपलक्ष्य पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू रानी ने छात्राओं को खेलों की उपयोगिता और महत्व से अवगत करवाया। इसके उपरांत शारीरिक अध्यापक के निरीक्षण में अध्यापकों और छात्राओं के बीच वॉलीबॉल और बैडमिंटन के मैच करवाए गए, जिसमें छात्राओं और अध्यापकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करके सबका मनोरंजन किया। इसके अतिरिक्त भी छात्राओं ने अन्य खेलों के बारे में जाना। खेल दिवस के महत्व का प्रतिपादन करते हुए संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण विश्व के अन्य देशों में भी भिन्न-भिन्न तिथियों में खेल दिवस मनाए जाते हैं परन्तु भारत में 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में खेल दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का सफर 29 अगस्त, 2012 से शुरू हुआ था। इस समय मेजर ध्यानचंद की 107 वीं जयंती थी। तब से लेकर अब तक 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। मेजर ध्यानचंद ने भारत को 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलवाया था। उनके इसी योगदान को हमेशा याद रखने हेतु खेल दिवस 29 अगस्त को मनाया जाता है।

खेलों के महत्व का प्रतिपादन करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है, अतः खेल शारीरिक व्यायाम और स्फूर्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस 2023 का विषय है “खेल एक समावेशी और फिट समाज को सक्षम बनाते हैं।” इस उपलक्ष्य पर भौतिक की प्रवक्ता रविंद्र कुमार के नेतृत्व में अजय कुमार, विनोद अवस्थी, नरेश मलोटिया, राकेश कुमार, संजीव कुमार और राजेश कुमार ने छात्राओं के साथ वॉलीबॉल का मैच खेला। अन्य सभी अध्यापक और छात्राएं प्रधानाचार्या सहित मैदान पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *