पालमपुर के जिया में 30.52 लाख से बना स्वास्थ्य उप-केंद्र, आधा दर्जन पंचायतों को मिलेगा लाभ

16 अक्तूबर: विधायक आशीष बुटेल ने ग्राम पंचायत जिया में 30.52 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित स्वास्थ्य उप-केंद्र का लोकार्पण किया। इस केंद्र के शुरू होने से जिया सहित आसपास की करीब आधा दर्जन पंचायतों के हजारों लोगों को प्राथमिक उपचार और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं घर के नजदीक उपलब्ध होंगी।

विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य उप-केंद्र जैसी सुविधाएं ग्रामीण आबादी के लिए महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से लोगों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं और प्राथमिक उपचार के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना भी आवश्यक है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य उप-केंद्र की चारदीवारी बनाने के निर्देश भी दिए।

विधायक ने जिया स्कूल का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों से बातचीत की और स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ग्राम पंचायत जिया पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की सड़कों, संपर्क मार्गों और बस सेवा से संबंधित विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।

आशीष बुटेल ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम पंचायत जिया में भी कई विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों की मांगों पर प्राथमिकता और आवश्यकता के आधार पर विचार कर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमेश भारती, खंड विकास अधिकारी पालमपुर हरि कृष्ण, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनीत शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी गोपालपुर डॉ. अनुपमा सिंह, पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया, ग्राम पंचायत प्रधान झोंपी राम, उपप्रधान रामकृष्ण, बीडीसी सदस्य जोगिंदर, महिला मंडल प्रधान सुमित्रा देवी, वीना देवी सहित विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *