रणधीर शर्मा की एम्बुलेंस ने एक साल में बचाईं करीब 100 जानें, मारकंड अस्पताल में बनेंगे दो निजी कमरे

16 अक्तूबर, अभिषेक मिश्रा : नागरिक अस्पताल मारकंड में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एसडीएम सदर राज कुमार की अध्यक्षता में वीरवार को आयोजित बैठक में श्री नैना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अस्पताल की विभिन्न गतिविधियों, सुविधाओं के विस्तार, बजट और चिकित्सा सेवाओं के शुल्क निर्धारण से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने विधायक रणधीर शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि विधायक निधि से उपलब्ध करवाई गई एम्बुलेंस क्षेत्र के मरीजों के लिए काफी उपयोगी साबित हुई है। पिछले एक वर्ष में इस एम्बुलेंस की मदद से करीब 100 मरीजों की जान बचाने में सहायता मिली है। गंभीर मरीजों को समय पर जिला अस्पताल और एम्स पहुंचाने में एम्बुलेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

नागरिक अस्पताल मारकंड में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए दो निजी कमरे बनाए जाएंगे। इन कमरों का किराया 300 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। प्रत्येक कमरे में दो बेड, अटैच बाथरूम, टीवी, कूलर और हीटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कमरों को जल्द तैयार कर मरीजों के उपयोग के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन की मांग पर विधायक रणधीर शर्मा ने परिसर में हैंडपंप स्थापित करने और अस्पताल भवन की मरम्मत व रंग-रोगन के लिए राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को इन कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जा सके। वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर ने अपनी निधि से अस्पताल परिसर के लिए 10 सीमेंटेड बेंच और पांच सोलर लाइट उपलब्ध करवाने की घोषणा की। बीडीसी सदस्य रामपाल ठाकुर ने भी एक सोलर लाइट और चार यूनिट स्टील डस्टबिन देने की घोषणा की।

बैठक में अस्पताल में 10 रुपये पर्ची शुल्क लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि पर्ची शुल्क के भुगतान के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था की जाएगी। क्यूआर कोड उपलब्ध होने तक मरीजों से पर्ची शुल्क नहीं लिया जाएगा। बैठक में कहा गया कि खुले पैसे उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को कई बार पर्ची बनवाने में परेशानी होती है। ऐसे में डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू होने के बाद ही शुल्क वसूला जाएगा।

आरकेएस की बैठक में अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के शुल्क में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई शुल्क पिछले दस वर्षों से नहीं बढ़ाए गए थे, जबकि चिकित्सा सामग्री और सेवाओं की लागत में वृद्धि हुई है। संशोधित दरों के तहत डेंटल एक्सट्रैक्शन के लिए 50 रुपये, जीआईसी फिलिंग के लिए 100 रुपये, जीआईसी फिलिंग पोस्ट के लिए 130 रुपये, आरसीटी के लिए 250 रुपये, आरसीटी पोस्ट के लिए 300 रुपये, स्केलिंग के लिए 250 रुपये, आरपीडी के लिए 100 रुपये, डेन्चर के लिए 3,000 रुपये, लाइट क्योर फिलिंग के लिए 250 रुपये, सर्जिकल एक्सट्रैक्शन के लिए 100 रुपये, डेंटल एक्स-रे के लिए 50 रुपये और सिल्वर फिलिंग के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया।

इसके अतिरिक्त मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए 300 रुपये, फर्स्ट एड ट्रेनिंग के लिए 1,000 रुपये, फार्मासिस्ट इंटर्नशिप के लिए 2,000 रुपये और एम्बुलेंस सेवा के लिए 20 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क तय किया गया।

बैठक में अस्पताल के संचालन, उपकरणों की खरीद, मरम्मत और मरीजों की सुविधाओं के लिए विभिन्न मदों में बजट को मंजूरी दी गई। सेल काउंटर, सेमी-ऑटोमेटिक एनालाइजर और अन्य मशीनरी की खरीद के लिए 6 लाख 13 हजार रुपये, कंप्यूटर, प्रिंटर व पंखों के लिए 2 लाख रुपये तथा फर्नीचर की खरीद के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए।

इसी तरह वार्ड में गीजर और पिलर हीटर लगाने तथा दरवाजों की मरम्मत के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये, डेंटल एक्स-रे फिल्म और लैब सामग्री के लिए 2 लाख रुपये, मशीनों की मरम्मत के लिए 70 हजार रुपये, एम्बुलेंस के ईंधन और मरम्मत के लिए 50 हजार रुपये तथा सर्जिकल सामग्री की खरीद के लिए 1 लाख रुपये मंजूर किए गए।

इसके अलावा बेडशीट और कंबल आदि के लिए 30 हजार रुपये, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी के लिए 98 हजार रुपये, मरम्मत कार्यों के लिए 3 लाख 40 हजार रुपये तथा अन्य आकस्मिक जरूरतों के लिए 1 लाख 8 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई।

विधायक रणधीर शर्मा ने अस्पताल प्रशासन को परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखा जाए तथा वार्डों में बेडशीट नियमित रूप से बदली जाएं। साथ ही मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बीएमओ मारकंड डॉ. सुरेंद्र सिंह बावा, अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रदीप शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर, बीडीसी सदस्य रामपाल ठाकुर, जुखाला पंचायत प्रधान हरि राम धीमान, उपप्रधान रूपा देवी, बीडीटीएस के पूर्व अध्यक्ष रमेश ठाकुर, आयुष विभाग से मंजू, सीडीपीओ विभाग से संजू ठाकुर, खंड कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार, खंड लेखाकार मनजीता, पर्यवेक्षक श्याम लाल, स्वास्थ्य शिक्षक मस्त राम सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *