10 सितम्बर: पानी के बिलों का भुगतान करने में आनाकानी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नगर निगम सोलन ने सख्त रुख अपना लिया है। निगम ने बड़े बकायेदारों के पानी के कनैक्शन काटने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में वीरवार को शहर के वार्ड नंबर-14 में निगम की टीम ने 11 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के पानी के कनैक्शन काट दिए। इनमें एक उपभोक्ता ऐसा भी है, जिस पर करीब 5 लाख रुपए का पानी का बिल लंबित है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम का लाखों रुपए का राजस्व पानी के बिलों के रूप में उपभोक्ताओं के पास फंसा हुआ है। अकेले वार्ड नंबर-14 में ही करीब 16 लाख रुपए की रिकवरी लंबित है। इस वार्ड में लगभग 15 ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है, जिन्होंने लंबे समय से अपने पानी के बिल जमा नहीं करवाए हैं। निगम अब इन बड़े बकायेदारों के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई कर रहा है।
नगर निगम की ओर से पानी के बिलों की रिकवरी के लिए करीब एक सप्ताह से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक शहर में लगभग 40 पानी के कनैक्शन काटे जा चुके हैं। निगम की टीम कार्रवाई से पहले संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर लंबित बिल जमा करवाने का अवसर दे रही है। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनैक्शन काटे जा रहे हैं।
नगर निगम की एसडीओ अल्पना ठाकुर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि नोटिस जारी होने के बावजूद पानी के बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि वीरवार को वार्ड नंबर-14 में काटे गए 11 कनैक्शनों में करीब 5 लाख रुपए के लंबित बिल वाला मामला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पानी के बिलों की रिकवरी के लिए निगम का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।