न्याग्रां-होली मार्ग पर कार खाई में गिरी, दो की मौत, एक घायल

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

30 जनवरी। न्याग्रां-होली मार्ग पर दियोल के समीप एक अाल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिस कारण उसमें सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई।मृतकों की पहचान ग्राम पंचायत न्याग्रां के घड़ोह गांव निवासी ठाकुर सिंह तथा त्रिलोक के रूप में हुई है। आज सुबह ठाकुर सिंह, त्रिलोक व बांकला देवी पत्नी अमरजीत निवासी घड़ौह आल्टो कार नंबर एचपी-46-2145 में सवार होकर घड़ोह से होली की तरफ जा रहे थे। इस दौरान जब कार दियोल के समीप पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

कार के खाई में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस को सूचना देने के साथ ही ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। लेकिन, तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में ठाकुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव कार्य चलाया तथा घायलों सहित मृतक ठाकुर सिंह के शव को सड़क तक पहुंचाया गया। जहां से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली ले जाया गया।

इस दौरान डॉक्टरों द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। साथ ही घायल त्रिलोक की हालत को गंभीर भांपते हुए उसे मेडिकल कॉलेज चंबा रैफर कर दिया गया। इसके बाद घायल को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया जा रहा था। लेकिन, इसी दौरान त्रिलोक ने घाव का ताव न सहते हुए गरोला के समीप दम तोड़ दिया। जबकि, वांकला का उपचार अस्पताल में चल रहा है।एसपी चंबा एस. अरुल कुमार ने कहा कि न्याग्रां-होली मार्ग पर शनिवार को एक कार के खाई में गिरने के कारण उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं, एक महिला घायल हुई है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।

नायब तहसीलदार होली ठैंठु राम ने कहा कि आज दियोल के समीप कार के खाई में गिरने से दो व्यक्तियों की मौत व एक महिला के घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के उपरांत प्रशासन की ओर से मृतकों के स्वजनों को दस-दस हजार व घायल को पांच हजार रूपये फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *