नेपाल में दो भारतीय नागरिक गिरफ्तार, तीर्थयात्रियों से चोरी के आरोप में कार्रवाई

1 जुलाई : नेपाल की राजधानी काठमांडू में तीर्थयात्रियों से चोरी और लूटपाट के आरोप में दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। नेपाल पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय रंजीत चौधरी और 45 वर्षीय शांति के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी हैं और फिलहाल नेपाल के भक्तपुर जिले में रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और सार्वजनिक परिवहन में यात्रा करने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके कीमती सामान की चोरी करते थे।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 12 और चांदी के 11 आभूषण बरामद किए हैं। इनमें कान की बालियां, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, अंगूठियां और सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा 1,15,500 नेपाली रुपये, 80,000 भारतीय रुपये, छह मोबाइल फोन, दो भारतीय पैन कार्ड और एक आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

नेपाल पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस बरामद सामान के वास्तविक मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *