7 मई: नगर निकाय चुनाव के तहत 17 मई को होने वाले नूरपुर नगर परिषद चुनाव में 9 वार्डों के कुल 8298 मतदाता 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। नामांकन वापसी के अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। इसके साथ ही निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) अरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड-1 में कुल 686 मतदाता हैं, जिनमें 360 पुरुष और 326 महिलाएं शामिल हैं। वार्ड-2 में 1022 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 505 पुरुष और 517 महिलाएं हैं।
उन्होंने बताया कि वार्ड-3 में 1099 मतदाता (545 पुरुष व 553 महिलाएं), वार्ड-4 में 675 मतदाता (332 पुरुष व 343 महिलाएं) मतदान करेंगे। इसी प्रकार वार्ड-5 में 1092 मतदाता (554 पुरुष व 538 महिलाएं) तथा वार्ड-6 में 844 मतदाता (438 पुरुष व 406 महिलाएं) अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।
अरुण शर्मा ने बताया कि वार्ड-7 में सबसे अधिक 1245 मतदाता हैं, जिनमें 618 पुरुष और 627 महिलाएं शामिल हैं। वार्ड-8 में 823 मतदाता (411 पुरुष व 412 महिलाएं) तथा वार्ड-9 में 812 मतदाता (395 पुरुष व 417 महिलाएं) मतदान करेंगे।
निर्वाचन अधिकारी अरुण शर्मा ने सभी मतदाताओं से 17 मई को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर मतदाता की भागीदारी अहम है। उन्होंने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग देने का भी आग्रह किया।