30 जून : मंडी जिले के निहरी क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देवदार की लकड़ी से भरी एक पिकअप पकड़ी है। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार जयदेवी वन परिक्षेत्र की रात्रि गश्त टीम ने उप वन क्षेत्राधिकारी रामलाल के नेतृत्व में रविवार देर रात च्योरा डिमार्केटेड संरक्षित वन क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान करीब 2 बजे पांच लोग पिकअप वाहन में देवदार की लकड़ी लोड कर रहे थे। वन कर्मियों को देखते ही दो आरोपी जंगल की ओर भाग निकले, जबकि तीन को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
वन विभाग ने वाहन से देवदार के 10 लट्ठे और सड़क किनारे रखे 15 अन्य लट्ठे बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि संरक्षित वन क्षेत्र से कुल 9 देवदार के पेड़ों को अवैध रूप से काटा गया था। बरामद लकड़ी का कुल आयतन 1.230 घन मीटर और अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीएफओ राकेश कटोच ने बताया कि वन तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं एसपी विनोद कुमार ने कहा कि वन विभाग की शिकायत पर थाना बीएसएल में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।